दयाल फाउंडेशन का पांचवां प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्नराजकीय विद्यालयों के 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की 100 से अधिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मानहोडल, 16 अगस्त 2026। दयाल फाउंडेशन द्वारा आयोजित पांचवें प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन आज चिराग बैंक्विट हॉल, होडल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में शिक्षा, समाजसेवा, कला, प्रशासन एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं तथा राजकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी, पलवल मामराज रावत रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक बघेल, पूर्व उपनिदेशक, एससीईआरटी, गुरुग्राम ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अश्विनी कुमार, सीआईडी इंस्पेक्टर, फरीदाबाद; सुनीता सिंह बघेल, जिला भाजपा उपाध्यक्ष, फरीदाबाद; राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पूर्व प्रधानाचार्य दया किशन बघेल; ब्रह्माकुमारी शैली दीदी तथा अभिनेता एवं प्राध्यापक आनंद सिंह भाटी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दयाल फाउंडेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मास्टर गोपाल चंदेल ने बताया कि संस्था के पांचवें प्रतिभा सम्मान समारोह में राजकीय विद्यालयों के 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 60 से अधिक व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।संस्था के अध्यक्ष प्रभुदयाल हंस ने कहा कि दयाल फाउंडेशन केवल प्रतिभाओं के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों एवं समाज को विभिन्न सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न कलाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति सजग करने और उनमें जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाता है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कर्मनिष्ठ एवं समाज के लिए प्रेरणादायी कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाता है तथा राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाता है।रक्तदान शिविर में 25 लोगों ने किया रक्तदानसमारोह के दौरान नवजीवन ब्लड सेंटर, होडल के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में 25 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। संस्था की ओर से रक्तदाताओं एवं शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में दयाल फाउंडेशन के उपाध्यक्ष सावंत कुमार, अनुज चौहान, शैलेश कुमार, चेतराम, राजकुमार हंस, धर्मवीर, ओमवीर, तरुण मोहनिया, यतन मंगला, राजेंद्र नंबरदार सहित संस्था के अनेक पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।दयाल फाउंडेशन ने समारोह के माध्यम से समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने तथा समाज के लिए समर्पित व्यक्तियों को सम्मान देकर नई पीढ़ी के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करने का संदेश दिया।


